बक्सर, 16 सितम्बर (विक्रांत) मशहूर शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की धरती डुमरांव में अब उनके नाम पर कला महाविद्यालय की स्थापना की जा रही है। यह पहल क्षेत्रीय विधायक के प्रयासों से संभव हो पाई है। इसे गंगा-जमुनी तहजीब की हिफाजत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया जा रहा है।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के राष्ट्रीय महासचिव ने रविवार को एक सभा में कहा कि विधायक फंड से विकास कार्य करना जरूरी है, लेकिन उससे भी अहम है गरीब, किसान और रोजगार विरोधी नीतियों को बदलना, जो आज जल, जंगल और जमीन को बड़े उद्योगपतियों के हवाले कर रही हैं। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि बिहार के युवा बड़े पैमाने पर पलायन कर रहे हैं और दिल्ली की झुग्गियों से उन्हें उजाड़ा जा रहा है।
उन्होंने एसआईआर (SIR) के जरिये बिहारियों का मताधिकार छीनने और उन्हें ‘बाहरी’ घोषित करने के प्रयासों की आलोचना की। उन्होंने बताया कि इंडिया गठबंधन ने इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में तीन बार जीत हासिल की।
नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने न्याय के साथ विकास का वादा किया था, लेकिन राज्य को भ्रष्टाचारियों और अपराधियों के हवाले कर दिया है।

