समस्तीपुर, 20 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) जिले के गोराई पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी शत्रुघ्न राम के घर से शहीद-ए-आजम भगत सिंह अंबेडकर विचार मंच के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने शनिवार को एक प्रतिरोध मार्च निकाला। यह मार्च कल्याणपुर प्रखंड में शिक्षा विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा की जा रही कथित अवैध वसूली और लापरवाही के विरोध में था।

मार्च कल्याणपुर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ बलहा हाट पहुंचा, जहां यह एक जनसभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता मंच के प्रखंड संयोजक शमशीर अहमद ने की।
सभा को संबोधित करते हुए जिला संयोजक राम कुमार ने आरोप लगाया कि कल्याणपुर की प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पूनम कुमारी शिक्षकों से आवेदन अग्रसारित करने और बैंक खाते में नाम ट्रांसफर कराने के नाम पर अवैध वसूली कर रही हैं। साथ ही मधुरापुर टांरा पंचायत की मुखिया राधा देवी पर बंशावली बनवाने के नाम पर भी रिश्वत लेने का आरोप लगाया गया।
वक्ताओं ने जितवारिया पंचायत के लक्ष्मीरामपुर निवासी महबूब आलम पर हुए जानलेवा हमले के आरोपी मोहम्मद अशरफ की गिरफ्तारी न होने पर भी नाराजगी जताई और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
सभा में चेतावनी दी गई कि यदि संबंधित अधिकारी और प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करते हैं तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सभा को महबूब आलम, रामचंद्र साह, पाना देवी, राजीव कुमार ठाकुर, हरि सहनी, सुरती देवी, प्रमिला देवी, दुखनी देवी समेत कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

