नालंदा, 21 सितम्बर (अविनाश पांडेय) बिहारशरीफ में नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को लेकर नगर निगम के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक स्मार्ट सिटी भवन सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में नगर आयुक्त ने साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और मेला स्थलों पर सुरक्षा जैसे विषयों पर विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दशहरा के अवसर पर नगर में भारी भीड़ उमड़ती है, इसलिए श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसकी पूर्ण तैयारी की जाए।

शहर में शौचालय व्यवस्था को दुरुस्त करने और सभी विभागों को समयबद्ध कार्य निष्पादन का निर्देश भी दिया गया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं।
इस बैठक में नगर प्रबंधक, लोक स्वच्छता पदाधिकारी, स्वास्थ्य निरीक्षक, हेड वार्ड जमादार समेत सभी वार्ड जमादार एवं स्पेशल सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

