नालंदा 21 सितम्बर (अविनाश पांडेय) दानापुर मंडल के बिहार शरीफ-बरबीघा-शेखपुरा नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत 18 किमी लंबे नवनिर्मित अस्थावां-बरबीघा-सरसा जमालपुर रेलखंड का 21 सितंबर को संरक्षा आयुक्त (रेलवे), पूर्वी सर्किल, कोलकाता सुमित सिंघल द्वारा निरीक्षण किया गया। उन्होंने सरसा जमालपुर से अस्थावां तक मोटर ट्रॉली द्वारा रेललाइन, समपार फाटक, पुल-पुलिया, स्टेशन भवन, पैनलरूम, रिले रूम और आईपीएस रूम का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद विशेष ट्रेन से स्पीड ट्रायल भी सफलतापूर्वक पूरा किया गया। संरक्षा आयुक्त की अनुमति मिलते ही इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस अवसर पर दानापुर मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार, दक्षिण के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रामाश्रय पांडेय, आरवीएनएल के मुख्य परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि 43 किमी लंबी बिहार शरीफ-अस्थावां-शेखपुरा नई रेल लाइन परियोजना तीन चरणों में पूरी हुई है। पहले दो चरणों में बिहार शरीफ-अस्थावां (12.66 किमी) और शेखपुरा-सरसा जमालपुर (12.5 किमी) खंड पहले ही बन चुके थे। अब अंतिम 18 किमी खंड का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस परियोजना से नालंदा और शेखपुरा जिलों के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। जानकारी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने दी।

