समस्तीपुर, 22 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर शहर का स्टेशन रोड इन दिनों अराजकता और अव्यवस्थाओं का गढ़ बनता जा रहा है। मालगोदाम चौक से लेकर रामबाबू चौक व चानेश्वर पैदल पुल तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी ने आम लोगों की राह मुश्किल कर दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, स्टेशन चौक गेट नंबर-1 और 2 के पास ई-रिक्शा चालकों का कब्जा रहता है। सवारियां भरने की होड़ में ई-रिक्शा बीच सड़क तक खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित होता है। ट्रैफिक पुलिस की गैरमौजूदगी इनकी मनमानी को और बढ़ावा देती है। रेलवे की खाली जमीन अब आवारा मवेशियों का अड्डा बन चुकी है, जो अक्सर सड़कों पर घूमते हुए जाम की स्थिति पैदा करते हैं। 500 से अधिक दुकानों और रिहायशी प्रतिष्ठानों वाले इस मार्ग पर अब पैदल चलना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि कई नाबालिग भी ई-रिक्शा चला रहे हैं। चालक न तो ट्रैफिक नियमों का पालन करते हैं और न ही यातायात की दिशा का ध्यान रखते हैं। टकराव होने पर मारपीट और गाली-गलौज की घटनाएं आम हो गई हैं।
स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं ताकि यातायात व्यवस्था सुधारी जा सके और स्टेशन रोड पर व्याप्त अराजकता पर रोक लग सके।

