हैदराबाद, 23 सितम्बर (अंकिया राय) दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में शानदार जीत के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने हैदराबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी (एचसीयू) में भी अपना परचम लहरा दिया है। हाल ही में संपन्न छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव, खेल सचिव और सांस्कृतिक सचिव सहित सभी प्रमुख पदों पर कब्जा कर लिया है।

इस जीत के साथ एबीवीपी ने यह साबित कर दिया है कि वह न केवल दिल्ली, बल्कि देश के अन्य प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में भी अपनी संगठनात्मक ताकत और छात्र समर्थन के दम पर मजबूती से खड़ी है। एबीवीपी के स्थानीय नेताओं ने इस जीत को छात्रों के विश्वास की जीत बताते हुए कहा कि संगठन शिक्षा, सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर लगातार काम करता रहेगा।
डीयू के बाद एचसीयू में भी एबीवीपी की जीत ने विपक्षी छात्र संगठनों के लिए एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। छात्र राजनीति में इसे एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जहां राष्ट्रवादी विचारधारा को मिल रहा समर्थन एक नई दिशा की ओर संकेत कर रहा है।

