मुजफ्फरपुर, 23 सितम्बर (सेंट्रल डेस्क) दुर्गा पूजा को लेकर नगर निगम व जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को महापौर निर्मला देवी, नगर आयुक्त विक्रम विरकर और एसडीएम तुषार कुमार ने प्रमुख पूजा पंडालों का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पंकज मार्केट, बनारस बैंक चौक, लकड़ी ढ़ाई, सोडा गोडाउन, बीएमपी 6, महामाया मंदिर, अघोरियों बाजार चौक समेत कुल 97 प्रमुख पंडालों में तैयारियों का जायजा लिया गया। अधिकारी दल ने साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर दिया।
नगर निगम ने जानकारी दी कि शहर के सभी पूजा पंडालों पर वार्डवार स्थायी, अतिरिक्त व आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। विशेष पर्यवेक्षक दल लगातार निगरानी कर रहा है। कचरा प्रबंधन और स्वच्छता को लेकर निगम गंभीर है। किसी भी प्रकार की समस्या के त्वरित समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 155304 भी जारी किया गया है।
नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि श्रद्धालु स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में पूजा का आनंद लें। नगर निगम का संकल्प है स्वच्छता ही सेवा है। सभी नागरिकों से सहयोग की अपील है।”
नगर निगम की अपील:
सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं
पूजा पंडालों और गलियों में सफाई बनाए रखें
निगम कर्मियों का सहयोग करें
नगर निगम ने भरोसा दिलाया है कि पूरे शहर में स्वच्छता और सुव्यवस्था कायम रखी जाएगी, ताकि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हो।

