समस्तीपुर, 24 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर रेल कारखाना के विकास और क्षेत्रीय रेल सुविधाओं की मांग को लेकर रेल विस्तार एवं विकास मंच के बैनर तले चल रहा अनिश्चितकालीन आमरण अनशन मंगलवार देर रात समाप्त हुआ। अनशनकारियों को रेल अधिकारियों ने जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया।

रेल कारखाना में पीओएच डब्बा निर्माण, भोला टाकीज-मुक्तापुर-अटेरन चौक सहित विभिन्न स्थानों पर ओवरब्रिज निर्माण, नई रेल लाइन की मंजूरी, चिल्ड्रेन पार्क का जीर्णोद्धार और रेल अस्पताल को केंद्रीय दर्जा देने जैसी मांगों को लेकर 22 सितंबर से उपेंद्र राय, रामविनोद पासवान और अशोक राय अनशन पर बैठे थे।
मुख्य कारखाना प्रबंधक फाल्गुन राय और डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्र से प्रतिनिधिमंडल की बिंदुवार चर्चा के बाद आश्वासन दिया गया कि दुर्गा पूजा के बाद कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में शत्रुघ्न राय पंजी, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, राकेश ठाकुर, सत्यनारायण सिंह समेत कई नेता शामिल थे। अनशन समाप्ति के समय बड़ी संख्या में रेलकर्मी, यूनियन नेता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

