समस्तीपुर, 26 सितम्बर (निज संवाददाता) मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत आज समस्तीपुर जिले की 3,68,084 महिलाओं को ₹368 करोड़ 80 लाख की राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना की शुरुआत की, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए।

समाहरणालय स्थित कपूरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक परिवार की एक महिला को ₹10,000 की प्रारंभिक सहायता दी जा रही है। आगे व्यवसाय की प्रगति के अनुसार ₹2 लाख तक की अतिरिक्त राशि भी दी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, रोजगार सृजन करने और सम्मानजनक जीवन जीने में सहायक होगी। इस अवसर पर माननीय मंत्री श्री महेश्वर हजारी, उप विकास आयुक्त सुश्री शैलजा पांडे, नगर आयुक्त सहित कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्रामीण क्षेत्र की 3,48,084 और शहरी क्षेत्र की 20,000 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है। जिले के सभी 20 प्रखंडों, 69 संकुल स्तरीय संघों एवं 3445 ग्राम संगठनों में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें कुल 4,20,975 महिलाएँ शामिल हुईं।
योजना के प्रचार-प्रसार हेतु पंचायत स्तर पर जागरूकता वाहन, ऑडियो-वीडियो फिल्में एवं स्क्रीनिंग के माध्यम से निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

