समस्तीपुर, 26 सितम्बर (निज संवाददाता) जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा के मार्गदर्शन में स्वच्छता ही सेवा-2025 अभियान के तहत आज जिले में मनरेगा द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में एक साथ लगभग 1 लाख पौधे लगाए गए।

वारिसनगर प्रखंड के शेखोपूर पंचायत में उप विकास आयुक्त सुश्री शैलजा पांडे ने ग्रामीणों के साथ 600 पौधों का रोपण किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और आगामी त्योहारों तक अभियान को जारी रखने की अपील की।

इस अवसर पर जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह पहल पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

