समस्तीपुर, 27 सितंबर (मोहम्मद जमशेद) भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल के विवादित बयान पर सियासी घमासान मच गया है। समस्तीपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की सभा में भाग लेने पहुंचे विधायक बचौल ने विपक्ष पर “तुष्टिकरण और घुसपैठियों की राजनीति” करने का आरोप लगाया था। उनके इस बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने विधायक बचौल के बयान को अमर्यादित, बेबुनियाद और आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि बचौल के अधिकांश बयान तथ्यहीन और तर्कहीन होते हैं। उन्होंने भाजपा पर नफरत और घृणा की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी देश की सांप्रदायिक एकता के लिए खतरा बन चुकी है।
प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा जनता की समस्याओं का समाधान करने की बजाय समाज में फूट डालने की राजनीति कर रही है। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र लोगों से भाजपा के “नफरत फैलाने वाले एजेंडे” को नकारने की अपील की। साथ ही युवाओं के भविष्य और गंगा-यमुनी तहजीब को बचाने का आह्वान किया।

