समस्तीपुर, 27 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) ताजपुर के शाहपुर बघौनी पंचायत के रजिस्टर टू में रैयत का नाम घेरकर नया रैयत जोड़ने और जमीन बेचे जाने के विरोध में भाकपा-माले के कार्यकर्ताओं ने अंचल-प्रखंड कार्यालय पर 24 सितंबर से चल रहा अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शनिवार को चौथे दिन भी जारी रखा। उमस भरी गर्मी और प्रशासनिक बेपरवाही के मद्देनजर अनशनकारी अस्वस्थ महसूस करने लगे तो माले कार्यकर्ताओं ने आक्रोश में अनशन स्थल से झंडा, बैनर और नारे लिखी तख्तियां उठाकर अर्थी निकालकर जुलूस निकाला। अर्थी जुलूस ने बाजार का भ्रमण कर अंचल कार्यालय वापस पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।

सभा की अध्यक्षता प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की। सभा को प्रभात रंजन गुप्ता, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मो. एजाज, आसिफ होदा, शाद तौहीदी, मो. क्यूम, राजदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो, मनोज साह तथा अन्य ने संबोधित किया। सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि रजिस्टर टू में दर्ज जमाबंदी संख्या 75-76 में सालिम तौहीदी के स्थान पर “मोहम्मद वगैरह” तथा पिता के नाम के रूप में “मोहीबुलहक” जोड़कर हेराफेरी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंचल कार्यालय में भूमाफिया और भ्रष्ट अधिकारी गठजोड़ से सभी काम पैसों से होते हैं तथा बिना पैरवी कुछ भी नहीं होता। उन्होंने कहा कि संघर्ष ही आखिरी उपाय है और माले गांधी- अंबेडकर के सत्याग्रह पथ पर चलकर यह लड़ाई जारी रखेगा। आंदोलनकारी आवश्यक होने पर आगामी दिनों में और कड़ी कार्रवाई करेंगे।

