समस्तीपुर, 28 सितंबर (राजेश झा) रोसड़ा अनुमंडल को जिला का दर्जा देने, रोसड़ा लोकसभा और सिंघिया विधानसभा क्षेत्र का पुनर्गठन कराने सहित सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर रविवार को युवाओं ने एक दिवसीय धरना दिया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा जुटे।

धरना में शामिल युवाओं ने कहा कि रोसड़ा वर्षों से उपेक्षित रहा है। जिला स्तर की सुविधाएं न होने से आम लोगों को छोटी समस्याओं के लिए समस्तीपुर या दरभंगा जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रोसड़ा को जिला बनाना अब समय की मांग है।
प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र की जर्जर सड़क व्यवस्था, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा में भारी कमी की ओर भी ध्यान दिलाया। रोजगार के अभाव में युवाओं का पलायन लगातार जारी है।
धरने में बिट्टू सिंह, लालो यादव, आशीष झा, श्याम बाबू सिंह, प्रशांत शर्मा, मुरारी यादव, विवेक सिंह, अंकित सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा।

