समस्तीपुर, 29 सितंबर (राजेश झा) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी को लेकर समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव से संबंधित विभिन्न कोषांगों की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कार्मिक, आदर्श आचार संहिता, प्रेक्षक, सीपीएफ-एएमएफ एवं पोस्टल बैलेट कोषांग की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आचार संहिता के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही, जिलाधिकारी ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और लॉजिस्टिक्स की तैयारियों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है।
बैठक में उप विकास आयुक्त शैलजा पांडे, अपर समाहर्ता बृजेश कुमार सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागीय कार्यों की स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

