समस्तीपुर, 30 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर में इस वर्ष रावण वध का आयोजन और भी भव्य होने जा रहा है। जिला दशहरा कमेटी की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार 70 फीट ऊंचा रावण, 45 फीट का मेघनाथ और 40 फीट का कुंभकरण बनाया जा रहा है।

1955 से लगातार विजयादशमी पर होने वाले इस आयोजन के लिए कारीगर पिछले 15 दिनों से मेहनत कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर 100 फीट की परिधि में लंका नगरी का निर्माण भी किया जा रहा है।

दशमी के दिन दोपहर 1 बजे लक्ष्मी नारायण मंदिर, पंजाबी कॉलोनी से राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की झांकी निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए शाम 5 बजे हाउसिंग बोर्ड मैदान पहुंचेगी। हनुमान की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी, जिसमें वह 10 फीट लंबा गदा लेकर चलेंगे।
कमेटी सदस्य रवि ने बताया कि पहले यह आयोजन 50 हजार में हो जाता था, पर अब पटाखों और अन्य सामग्री की महंगाई के चलते 10 लाख से अधिक खर्च हो रहा है।
सुरक्षा के मद्देनज़र 50 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। कमेटी सदस्य धीरज तनेजा ने लोगों से अपील की कि रावण दहन का आनंद सुरक्षित दूरी से लें।

