औरंगाबाद, 30 सितंबर (निज संवाददाता) 10 अक्टूबर 2025 को सासाराम में किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें माननीय राकेश टिकैत सहित संयुक्त किसान मोर्चा के अन्य राष्ट्रीय नेता किसानों को संबोधित करेंगे। महापंचायत को सफल बनाने के लिए औरंगाबाद से सैकड़ों ट्रैक्टर सासाराम के लिए कूच करेंगे।

संयुक्त किसान मोर्चा बिहार के नेता दिनेश कुमार ने आज स्व सत्येन्द्र नारायण सिंह स्मारक भवन, औरंगाबाद में आयोजित किसान चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की धान की फसलों को बिना मुआवजा दिए रोंदना देश और किसान हित के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि किसानों को अभी तक उचित मुआवजा नहीं मिला और एलपीसी बनाने में हुई लूट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसान नेताओं ने जनप्रतिनिधियों से पक्ष स्पष्ट करने को कहा, क्योंकि जुल्मी सरकार और प्रशासन के खिलाफ अब आर-पार की लड़ाई छिड़ चुकी है।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता अशोक प्रसाद सिंह ने कहा कि खेत हमारे लिए जीवन से भी प्यारा है, और सरकार इसे कॉरपोरेट को देने की साजिश कर रही है। उन्होंने किसानों से एकजुट होकर संघर्ष में शामिल होने का आह्वान किया।
किसान चौपाल की अध्यक्षता राज कुमार सिंह ने की। कई किसान नेताओं ने भी समर्थन जताया। महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी जोरों पर है।

