गोपालगंज, 30 सितम्बर (ऊषा मिश्रा) बीते नौ दिनों से नवरात्र चल रहा है। इसमें मां दुर्गे को प्रसन्न करने के लिए भक्त अलग-अलग तरीके से उनकी उपासना व आराधना कर रहे है। इसी में जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के देकुली योगी बाबा आश्रम में संत लाल बाबा इन दिनों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने हुए हैं। उन्होंने बिहार के कल्याण और जनकल्याण की कामना से अपनी छाती पर 201 कलश स्थापित कर मां भगवती की साधना कर रहे है।

संत लाल बाबा का कहना है कि वे पिछले छह वर्षों से इस अद्भुत साधना को निरंतर कर रहे हैं। वर्ष 2018 में उन्होंने नौ दिन तक समाधि भी ली थी,उनकी यह अपार भक्ति क्षेत्र के भक्तों को अचंभित कर दिया था। श्रद्धालुओं को यह विश्वास है कि बाबा की यह साधना पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और धार्मिक आस्था का संचार कर रही है। आश्रम में रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर साधना के दर्शन कर रहे हैं और आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

स्थानीय श्रद्धालु रामानंद पांडेय ने बताया, “बाबा की साधना सिर्फ आस्था ही नहीं, बल्कि जनकल्याण का संदेश देती है। लोग यहां आकर मन की शांति महसूस करते हैं।” वहीं श्रद्धालु रीता देवी ने कहा, “ऐसी साधना विरले ही देखने को मिलती है। हमें विश्वास है कि मां भगवती सभी की मनोकामना पूरी करेंगी।”
बाबा के अनुयायियों का कहना है कि यह साधना पूरे समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान कर रही है और क्षेत्र में श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।

