समस्तीपुर, 1 अक्टूबर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर जंक्शन पर बुधवार सुबह सफाई कर्मियों ने काम ठप कर दिया, जिससे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था चरमरा गई। सुबह से स्टेशन परिसर में झाड़ू तक नहीं लगी और जगह-जगह गंदगी फैली नजर आई। हालांकि मंगलवार रात की शिफ्ट में काम होने के कारण स्थिति इतनी खराब नहीं थी, लेकिन यदि कार्य दोबारा शुरू नहीं होता, तो स्टेशन की हालत बिगड़ सकती थी।

सफाई कर्मियों ने ईपीएफ, छुट्टी और न्यूनतम मजदूरी जैसी मांगों को लेकर धरना शुरू किया। लगभग तीन घंटे तक काम पूरी तरह रुका रहा। बाद में संवेदक और कर्मियों के बीच समझौते के बाद सफाई कार्य फिर से शुरू हुआ।
सफाईकर्मी चिंटू कुमार ने बताया कि पहले पटना की एक कंपनी को टेंडर मिला था, लेकिन अब कोटेशन आधारित व्यवस्था में के.एस.एस नामक कंपनी ने कार्यभार संभाला है। पहले की तुलना में सफाई कर्मचारियों की संख्या 70 से घटाकर 55 कर दी गई है, लेकिन काम का बोझ और अधिक हो गया है।

विवेक कुमार ने बताया कि EPF और छुट्टी की सुविधा बंद कर दी गई है, और 9000 रुपये प्रतिमाह में घर चलाना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने सरकारी न्यूनतम मजदूरी लागू करने और पूर्ववत सुविधाएं बहाल करने की मांग की है।
हालांकि रेलवे का कोई आधिकारिक बयान अब तक सामने नहीं आया है, लेकिन एक अधिकारी ने बताया कि यह संवेदक और कर्मचारियों के बीच का मामला है, और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

