नालंदा, 1 अक्टूबर (अविनाश पांडेय) स्थानीय ब्रिलिएंट ग्रुप के विशाल सभागार में दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर बच्चों द्वारा भक्ति और संस्कृति से ओत-प्रोत रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने मां शेरावाली की नृत्य-नाटिका, भक्ति गीत और डांडिया नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियाँ देकर सभी दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक रंजय सिंह और नाजिम रजा ने किया। विद्यालय के निदेशक डॉ. धनंजय कुमार ने दुर्गा पूजा को बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक बताया, वहीं अध्यक्ष डॉ. शशिभूषण कुमार ने इसे भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकता का उत्सव करार दिया।
बच्चों ने मां दुर्गा के नौ रूपों में सजीव अभिनय प्रस्तुत कर महिषासुर वध की झांकी पेश की, जिसे देखकर उपस्थित शिक्षक और छात्र मंत्रमुग्ध हो उठे। डांडिया नृत्य की प्रस्तुति में गुजरात की लोक परंपरा और भारत की एकता का सुंदर समावेश दिखा।
कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन द्वारा बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनकी बौद्धिक व सांस्कृतिक अभिलाषा और प्रबल हुई।
वर्ग प्रथम से दशम तक के छात्रों से मां दुर्गा से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनके सही उत्तर पर पेन, पेंसिल, चॉकलेट जैसी उपहार दिए गए।
समारोह का समापन प्राचार्या डॉ. पुष्प लता विद्यार्थी ने किया। मौके पर शिक्षकगण और शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं और बच्चों के उत्साह को प्रोत्साहित किया।

