पटना, 2 अक्टूबर (निज संवाददाता) बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम में सोमवार को महात्मा गांधी की 157वीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 121वीं एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पं. प्रजापति मिश्र की 127वीं जयंती के अवसर पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और संघर्ष के मार्ग से पूरी दुनिया को नई दिशा दी। शास्त्री जी का जीवन सादगी और देशभक्ति का उदाहरण है। उनका “जय जवान, जय किसान” नारा आज भी प्रासंगिक है।
राजेश राम ने कहा कि मौजूदा समय में गांधी और शास्त्री जी के विचारों को आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है। कांग्रेसजन को देश में गांधीवाद की पुनः स्थापना के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने पं. प्रजापति मिश्र को भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें बिहार कांग्रेस का गौरव बताया।
इस अवसर पर डॉ. मदन मोहन झा, कौकब कादरी, कृपानाथ पाठक, प्रेमचंद्र मिश्रा, प्रतिमा कुमारी दास, भावना झा, अमिता भूषण, नागेन्द्र विकल, शशिकांत तिवारी, वसी अख्तर, सुधा मिश्रा, उर्मिला सिंह नीलू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने गांधी-शास्त्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

