समस्तीपुर, 3 अक्तूबर (निज संवाददाता) ताजपुर प्रखंड के फतेहपुर वार्ड 10 में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क की मरम्मत नहीं होने से नाराज़ ग्रामीणों ने शुक्रवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने भाजपा सांसद नित्यानंद राय एवं राजद विधायक रणविजय साहू का पूतला बनाकर फतेहपुर से जुलूस निकाला और नेशनल हाईवे स्थित फतुरी चौक पर पुतला दहन किया।

जुलूस में शामिल सैकड़ों ग्रामीणों ने “सड़क दो, वोट नहीं” जैसे नारे लगाए और चुनाव में वोट बहिष्कार का ऐलान किया। पूतला दहन से पूर्व फतेहपुर वार्ड का भ्रमण करते हुए जुलूस पूर्व सांसद अजीत कुमार मेहता के घर भी पहुंचा।
फतुरी चौक पर आयोजित सभा की अध्यक्षता अवधेश राय ने और संचालन मनोज कुमार सिंह ने किया। सभा को भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने बताया कि यह सड़क 1998 से जर्जर है, जिससे रोज़ाना हादसे होते हैं। टेम्पू-टोटो तक चलना मुश्किल हो गया है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो विधानसभा चुनाव में वोट का बहिष्कार किया जाएगा।

