समस्तीपुर, 3 अक्तूबर (निज संवाददाता) समस्तीपुर अनुमंडल सभाकक्ष में अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार की अध्यक्षता में आगामी विधानसभा चुनाव-2025 की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी सेक्टर पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई।

बैठक में एसडीओ दिलीप कुमार ने चुनाव से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों की पहचान शीघ्र पूरी करें। साथ ही आदर्श आचार संहिता के पालन की कड़ाई से निगरानी की जाए। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि चुनाव संबंधी हर कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अंत में एसडीओ ने सभी पदाधिकारियों से समन्वय व सहयोग के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

