समस्तीपुर, 03 अक्टूबर (राजेश झा) मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आज समस्तीपुर जिला समाहरणालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की 25 लाख महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹10,000 की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से हस्तांतरित की।

इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के सभी 20 प्रखंडों, 69 संकुल स्तरीय संघों एवं 3,445 ग्राम संगठनों में प्रोजेक्टर, टीवी और टैब के माध्यम से किया गया, जिसे लगभग 2.6 लाख महिलाओं ने देखा।

समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिले की एक करोड़वीं लाभार्थी अंजू कुमारी (ग्राम सुपौल, प्रखंड उजियारपुर) ने मुख्यमंत्री से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। उन्होंने सरकार की योजनाओं से प्राप्त लाभ साझा किए, जिसे मुख्यमंत्री ने सराहा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में ₹10,000 की राशि रोजगार हेतु दी जा रही है, और आगे जरूरत पड़ने पर दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी।
समस्तीपुर जिले में अब तक 4,31,317 महिलाओं को लाभ दिया गया है, जिनमें से 70,000 से अधिक को आज राशि हस्तांतरित की गई।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, जीविका के डीपीएम विक्रांत शंकर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद थे। जागरूकता वाहनों के माध्यम से योजना के प्रचार-प्रसार का कार्य भी जारी है।

