समस्तीपुर, 3 अक्तूबर (निज संवाददाता) जिला कांग्रेस कमिटी समस्तीपुर के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 121वीं जयंती समारोह पूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन 2 अक्टूबर को समस्तीपुर जिला कांग्रेस कार्यालय में किया गया, जहां दोनों महान विभूतियों के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष मो. अबू तमीम ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज देश की परिस्थिति में गांधी जी के विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने तीखा आरोप लगाते हुए कहा कि आज वही विचारधारा देश पर शासन कर रही है जिसने गांधी की हत्या की थी।
पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री को याद करते हुए तमीम ने उन्हें “ईमानदारी की प्रतिमूर्ति” बताया और उनके “जय जवान, जय किसान” नारे को आज के भारत के लिए मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि जब समाज में हिंसा, अन्याय और असहिष्णुता बढ़ रही है, तब गांधी और शास्त्री के सिद्धांतों पर चलना और भी ज़रूरी हो गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके बताए रास्ते पर चलकर सामाजिक न्याय और भाईचारे की स्थापना के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम में विश्वनाथ सिंह हजारी, अब्दुल मलिक, सोहैल सिद्दीकी, भगवान लाल पासवान, असगर अंसारी, संजीत कुमार समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे।

