समस्तीपुर, 8 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर जिले के हाजीपुर–बछवाड़ा रेलखंड पर स्थित शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहा निर्माण कार्य अब तक अधूरा है, जिससे उद्घाटन की तिथि लगातार टल रही है। रेलवे विभाग ने पहले 15, फिर 24 और अंत में 30 सितंबर को उद्घाटन की योजना बनाई थी, लेकिन अधूरे कार्य के कारण हर बार कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।
जनप्रतिनिधियों की इच्छा थी कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले स्टेशन के पहले चरण का उद्घाटन हो जाए, परंतु कार्य की धीमी गति के चलते अब यह संभव नहीं दिखता।

15 अक्टूबर तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित था, लेकिन प्रगति बेहद सुस्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार निरीक्षण के बावजूद काम में तेजी नहीं आ रही, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है।
हालांकि अधूरे निर्माण के बावजूद स्टेशन का स्वरूप पहले से काफी बदल चुका है। प्रतीक्षालय में करीब 3000 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था हो गई है और स्टेशन पर डिजिटल बोर्ड भी लगाए गए हैं। लेकिन निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय निवासी जितेंद्र यादव का आरोप है कि नक्शे के अनुसार निर्माण नहीं हुआ और कई जगह सस्ते मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है।
राजनीतिक हलकों में भी चर्चा है कि जानबूझकर उद्घाटन में देरी की जा रही है ताकि स्थानीय विधायक इसका श्रेय न ले सकें। फिलहाल पटोरी के लोग हर दिन इस उम्मीद में हैं कि जल्द यह स्टेशन पूरी तरह बनकर तैयार होगा और उनके सपनों को पंख देगा।

