गोपालगंज, 9 अक्तूबर (निज संवाददाता) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गुरुवार को समाहरणालय सभागार में सभी निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारियों का ऑनलाइन मूल्यांकन सत्र (Online Evaluation Session) आयोजित किया गया। इस सत्र में आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारी को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित अहम पहलुओं जैसे आदर्श आचार संहिता के अनुपालन, संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, मतदाता सूची के शुद्धिकरण, ईवीएम-वीवीपैट के प्रबंधन तथा व्यय अनुश्रवण प्रणाली के प्रभावी संचालन पर विस्तृत जानकारी दी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी व जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक निर्वाची पदाधिकारी अपने क्षेत्र में पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ टीम भावना में कार्य करें ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू और त्रुटिरहित संपन्न हो।

उन्होंने आगे कहा कि “नामांकन, स्क्रूटिनी, मतदान और मतगणना जैसे प्रत्येक चरण में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब नहीं होना चाहिए। सभी अधिकारी समय पर तैयारियां पूरी करें और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लें।ऑनलाइन मूल्यांकन सत्र में सभी अनुमंडलीय पदाधिकारी,प्रखंड विकास पदाधिकारी,अंचलाधिकारी एवं निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. शशि प्रकाश ने किया।

