नई दिल्ली, 9 अक्तूबर ( अशोक “अश्क”) भारत के नागरिक और सैन्य नेतृत्व की हालिया टिप्पणियों से बौखलाए पाकिस्तान ने बुधवार को अपनी सेना के शीर्ष स्तर पर मंथन करते हुए भारत को ‘त्वरित और निर्णायक जवाब’ देने की चेतावनी दी। पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की अध्यक्षता में रावलपिंडी में आयोजित 272वें कोर कमांडर सम्मेलन में इस मुद्दे पर गंभीर चिंता जताई गई।

सेना द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि “भारतीय नागरिक और सैन्य नेतृत्व के गैर-जिम्मेदाराना और भड़काऊ बयानों से क्षेत्रीय शांति को खतरा है।” बैठक में कहा गया कि अगर भारत किसी भी तरह का आक्रमण करता है तो पाकिस्तानी सेना उसका मुंहतोड़ जवाब देगी और भारत की “सापेक्ष सुरक्षा” की धारणा को तोड़ देगी।
पाकिस्तानी सेना की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय पर आई है जब हाल ही में भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर पाकिस्तान विश्व मानचित्र पर बना रहना चाहता है तो उसे राज्य प्रायोजित आतंकवाद को तुरंत बंद करना होगा।
इसके अलावा, भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने बताया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने एफ-16 जैसे पाकिस्तानी सैन्य विमानों को नष्ट किया या भारी क्षति पहुंचाई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पिछले सप्ताह कहा था कि भारत अपने नागरिकों की रक्षा के लिए किसी भी सीमा को पार कर सकता है और पाकिस्तान की स्थिति ऐसी है कि उसका भविष्य अनिश्चित है।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख मुनीर ने अपने अधिकारियों को सैन्य तैयारियों, अनुशासन और नवीनता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सेना पारंपरिक, गैर-पारंपरिक, हाइब्रिड और असीमित खतरों से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम है।
दोनों देशों के बीच बयानबाज़ी से एक बार फिर क्षेत्रीय तनाव गहरा गया है। विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे समय में जब दुनिया पहले से ही कई संघर्षों से जूझ रही है, भारत-पाक के बीच इस तरह की बयानबाज़ी गंभीर चिंता का विषय है।

