समस्तीपुर, 11 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के तहत स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत समस्तीपुर समाहरणालय परिसर में मतदाता जागरूकता के लिए रचनात्मक प्रचार-प्रसार गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा, उप विकास आयुक्त शैलजा पांडेय तथा नज़ारत उपसमाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी मीडिया कोषांग रजनीश कुमार राय उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि मतदान को एक उत्सव की तरह मनाएं और कला, संस्कृति व विविध गतिविधियों के जरिए दूसरों को भी प्रेरित करें।

कार्यक्रम के दौरान रंगोली, मेहंदी, पेंटिंग जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से मतदान के महत्व का संदेश दिया गया। “पहले मतदान, फिर जलपान” और “आपका वोट, आपका भविष्य” जैसे नारों ने उपस्थित लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
इस आयोजन का उद्देश्य आगामी चुनावों में मतदाता सहभागिता को बढ़ावा देना और लोकतंत्र के इस महापर्व में सबकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

