नई दिल्ली, 11 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के बीच सी वोटर के अक्टूबर महीने के ओपिनियन पोल में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। तेजस्वी यादव जहां सबसे पसंदीदा मुख्यमंत्री उम्मीदवार के तौर पर उभरे हैं, वहीं प्रशांत किशोर ने भी रफ्तार पकड़ते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पीछे छोड़ दिया है।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 36.3% लोगों ने तेजस्वी यादव को अगला मुख्यमंत्री बनने के लिए पसंद किया है। वहीं प्रशांत किशोर को 23.2% जनता का समर्थन मिला है। नीतीश कुमार, जो कभी शीर्ष पर थे, अब 15.9% रेटिंग के साथ तीसरे स्थान पर आ गए हैं।

सर्वे के अनुसार, तेजस्वी की लोकप्रियता में फरवरी से अगस्त तक गिरावट देखी गई थी, जब उनका ग्राफ 40% से घटकर 31.3% पर आ गया था। मगर सितंबर और अक्टूबर में उन्होंने फिर से बढ़त बनाई। दूसरी ओर, प्रशांत किशोर फरवरी में सिर्फ 14.9% रेटिंग पर थे, लेकिन अक्टूबर में वह बढ़कर नीतीश से आगे निकल गए।

चौथे स्थान पर चिराग पासवान हैं, जिनकी रेटिंग सितंबर के 9.5% से घटकर अक्टूबर में 8.8% हो गई है। वहीं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बढ़त हासिल की है और उनकी रेटिंग 6.8% से बढ़कर 7.8% पहुंच गई है।
यह सर्वे 9-10 अक्टूबर को बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में 2530 लोगों से बातचीत कर किया गया था। सर्वे में चुनावी हवा का रुख बदलता नजर आ रहा है।

