नई दिल्ली, 11 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी दोबारा शुरू हो गई है और आने वाले 2 से 3 दिनों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से इसकी पूरी तरह विदाई संभव है। वहीं, पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत भी जल्द होने की संभावना जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन विकसित हुआ है, जो पश्चिमी विक्षोभ और नमी के प्रभाव से सक्रिय हो गया है। इससे पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि यह मानसून खासकर तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे दक्षिण भारतीय राज्यों में भारी बारिश और तूफान लाता है।
IMD ने अगले 48 घंटों में बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के विकसित होने की चेतावनी दी है। इसके असर से तमिलनाडु, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी वर्षा की संभावना है। कई तटीय क्षेत्रों में 100 से 150 मिमी तक बारिश हो सकती है।
विभाग ने तमिलनाडु, तेलंगाना, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

