समस्तीपुर, 11 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) प्रखंड के मध्य विद्यालय गंगापुर में शुक्रवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यापक अखिलेश ठाकुर के संबोधन से हुई। उन्होंने बताया कि यह दिवस हर वर्ष 10 अक्टूबर को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को उजागर करना और इससे संबंधित सेवाओं को प्रोत्साहित करना है।

प्रधानाध्यापक ठाकुर ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य के समान महत्व दिए बिना समाज में बढ़ती मानसिक समस्याओं पर नियंत्रण पाना कठिन है। समय पर मानसिक लक्षणों की पहचान और उचित इलाज ही इसका प्रभावी समाधान हो सकता है। उन्होंने बच्चों को मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए सकारात्मक सोच अपनाने, खुलकर बात करने और नियमित दिनचर्या बनाए रखने की सलाह दी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं राज कुमार, नूतन कुमारी, ज्योति कुमारी और रुबी कुमारी सहित सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। शिक्षकों ने भी अपने विचार साझा किए और विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन के सरल उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर प्रेरणादायक स्लोगन और पोस्टर भी प्रस्तुत किए।

