समस्तीपुर, 11 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर समस्तीपुर जिले में निर्वाचन व्ययों की निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग ने दो व्यय प्रेक्षक नियुक्त किए हैं। इनमें आईआरएस बी. विजय और धीरज कुमार बघेल शामिल हैं। दोनों प्रेक्षक 10 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होते ही समस्तीपुर पहुंच गए।

बी. विजय को पाँच विधानसभा क्षेत्रों और बघेल को शेष पाँच क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। शुक्रवार को पूसा स्थित गेस्ट हाउस में दोनों ने बैंक अधिकारियों और सहायक प्रेक्षकों संग समीक्षा बैठक की। बैंक अधिकारियों को 10 लाख से अधिक नकद लेन-देन की जानकारी आयकर विभाग को देने का निर्देश दिया गया।
सहायक प्रेक्षकों को स्थैतिक निगरानी और उड़नदस्ता दल की गतिविधियों पर सख्ती से नजर रखने को कहा गया। शनिवार को दोनों प्रेक्षकों ने कलेक्ट्रेट स्थित व्यय अनुश्रवण कोषांग का निरीक्षण किया। प्रेक्षकों ने निर्देश दिया कि सभी रिपोर्टों का रिकॉर्ड रखा जाए और अभ्यर्थियों को लेखा परीक्षण की सूचना समय पर दी जाए।

