समस्तीपुर, 12 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने रविवार को दलसिंहसराय स्थित आर.बी. कॉलेज परिसर में बनाए गए इवीएम कमिश्निंग एवं डिस्पैच सेंटर का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कमिश्निंग कार्य, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, पोलिंग पार्टी वितरण स्थल और कर्मचारियों की तैयारियों का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि “हर पोलिंग पार्टी अंधेरा होने से पूर्व अपने-अपने बूथ पर पहुंच जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं चलेगी। सभी कर्मियों को सुविधा और सुरक्षा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।”

डीएम ने जानकारी दी कि इस सेंटर से 134 उजियारपुर और 138 बिभूतिपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए ईवीएम कमिश्निंग और डिस्पैच किया जा रहा है।
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सुरक्षा बलों की तैनाती चरणबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा रही है। मौके पर सभी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

