शेखपुरा, 12 अक्टूबर (राजेश कुमार झा) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन के लिए शेखपुरा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र 169-शेखपुरा एवं 170-बरबीघा के लिए अर्धसैनिक बल कोषांग का गठन किया गया है।

कोषांग द्वारा अर्धसैनिक बलों के ठहराव के लिए जिले में कुल 38 स्थलों की पहचान की गई है, जहां प्रत्येक स्थल पर एक कंपनी अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी। इन स्थानों पर शौचालय, स्नानघर, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश और गश्ती हेतु वाहनों जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
वर्तमान में चार कंपनियाँ पहले ही जिला में पहुंच चुकी हैं और निम्नलिखित स्थानों पर ठहरी हुई हैं:
- निमी महाविद्यालय, शेखोपुरसराय
- प्लस टू राम प्रसाद भगवती चरण आदर्श टाउन हाई स्कूल, बरबीघा
- राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मेंहूंस
- प्रोजेक्ट कन्या हाई स्कूल, करंडे
ये कंपनियाँ जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचार-मुक्त चुनाव सुनिश्चित करने हेतु लगातार भ्रमणशील हैं।
15 अक्टूबर 2025 तक 12 और कंपनियों के पहुंचने की संभावना है। उनके ठहराव स्थलों पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

