शेखपुरा, 12 अक्तूबर (राजेश कुमार झा) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत शेखपुरा जिले में ईवीएम (EVM) स्कैनिंग कार्य की शुरुआत आज दिनांक 12 अक्टूबर 2025 को की गई। यह कार्य जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक शेखपुरा की निगरानी में, सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया।

ईवीएम वेयरहाउस में विधानसभा वार बैलेट यूनिट (BU), कंट्रोल यूनिट (CU) और वीवीपैट (VVPAT) का स्कैनिंग कार्य प्रारंभ हुआ, जो चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उल्लेखनीय है कि 11 अक्टूबर को प्रथम रैंडमाईजेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज यह स्कैनिंग कार्य प्रारंभ किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाची पदाधिकारी (विधानसभा क्षेत्र 169), भूमि सुधार उप समाहर्ता-सह-निर्वाची पदाधिकारी (विधानसभा क्षेत्र 170), भू-अर्जन पदाधिकारी, नोडल ईवीएम कोषांग के पदाधिकारी समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने इसे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता की दिशा में एक अहम पहल बताया है।

