समाहरणालय, शेखपुरा, 12 अक्तूबर (राजेश कुमार झा) आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर शेखपुरा जिला प्रशासन आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर पूरी तरह सतर्क है। प्रशासन द्वारा आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामलों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में शेखोपुरसराय अंचल अधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी (आदर्श आचार संहिता, विधानसभा) द्वारा मोहम्मदपुर पंचायत में कार्रवाई की गई। यहां महानंदपुर मोड़ स्थित यात्री शेड पर जनसुराज पार्टी का पोस्टर चिपका हुआ पाया गया, जिसे आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन माना गया।
प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है।
जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे आदर्श आचार संहिता का ईमानदारी से पालन करें, ताकि जिले में स्वच्छ, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न हो सके। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में आचार संहिता उल्लंघन की किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जाएगा और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

