पूर्णिया, 12 अक्टूबर (राजेश कुमार झा) जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू होने जा रही है।

इसको लेकर रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अंशुल कुमार एवं पुलिस अधीक्षक स्वीटी सेहरावत ने संयुक्त रूप से सभी कोषागारों और नामांकन स्थलों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मीडिया से बातचीत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि नामांकन चारों अनुमंडल कार्यालयों में आयोजित होगा और इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने बताया कि नामांकन स्थल से 100 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू रहेगी ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।वहीं, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बैरिकेडिंग की व्यवस्था के साथ-साथ सीएपीएफ और अन्य पुलिस बलों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की गई है। अब तक 111 आपराधिक तत्वों के खिलाफ सीसीए का प्रस्ताव भेजा गया है, जिनमें से 75 पर कार्रवाई करते हुए उन्हें जिला बदर या थाना बदर किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।

