नई दिल्ली, 14 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) मानसून की विदाई के बाद उत्तर भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में दिन में मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

हल्की हवाएं चलेंगी, जिससे रात को ठंड और बढ़ सकती है। उत्तर प्रदेश में 16 अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन इसके बाद हल्की बारिश के आसार हैं।
बिहार और झारखंड में फिलहाल बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। तापमान 19 से 31 डिग्री के बीच रहेगा, लेकिन 19 अक्टूबर के बाद इन राज्यों में भी मौसम परिवर्तन की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हाल ही में बर्फबारी हुई है, जिससे कई क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। 14 से 17 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह कोहरा और रात को ठंडी हवाएं ठिठुरन बढ़ा सकती हैं।
दक्षिण भारत के राज्यों—महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं ओडिशा में तूफानी हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। राजस्थान में पूर्वी हवाओं के कारण मौसम फिलहाल शुष्क रहने के आसार हैं।

