पटना, 14 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले JDU में सीट बंटवारे को लेकर उठे असंतोष को शांत करने की कोशिशें तेज़ हो गई हैं। आज दोपहर भाजपा के बिहार प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मनाने के लिए 1, अन्ने मार्ग स्थित उनके आवास पहुंचे।

यहां पहले से JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह मौजूद थे। सभी नेताओं के बीच बंद कमरे में NDA की एकजुटता, उम्मीदवारों की सूची और असंतुष्ट नेताओं को साधने पर चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार बैठक में JDU विधायक गोपाल मंडल जैसे नाराज़ नेताओं को शांत करने की रणनीति, छोटे सहयोगियों LJP (रामविलास) और HAM के साथ सीटों की अदला-बदली (स्वैप) पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री आवास के बाहर पुलिस बल की भारी तैनाती रही। बैठक को पूरी तरह ‘हुश-हुश मोड’ में रखा गया, जैसा कि सितंबर में अमित शाह और नीतीश कुमार के बीच हुई 20 मिनट की गुप्त मुलाकात में देखा गया था।
संजय झा ने स्पष्ट किया, “नीतीश जी NDA के लिए प्रचार करेंगे।” वहीं, ललन सिंह ने JDU को गठबंधन में “सबसे बड़ा योगदानकर्ता” बताया।

