पटना, 16 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पटना एयरपोर्ट पर कांग्रेस के भीतर का असंतोष हिंसक रूप ले बैठा। मंगलवार को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

घटना उस समय हुई जब कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, वरिष्ठ नेता कृष्ण अलावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे थे। तभी बड़ी संख्या में कांग्रेस और पप्पू यादव के समर्थकों ने टिकट बंटवारे में अनदेखी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
इस दौरान समर्थकों ने नेताओं को घेर लिया और धक्का-मुक्की करने लगे। माहौल बिगड़ता देख कांग्रेस कार्यकर्ता भी जवाब में भिड़ गए और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद मामला शांत कराया गया, लेकिन इस दौरान एयरपोर्ट पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।

