पटना, 17 अक्टूबर (पटना डेस्क) आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को सुचारू और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से होली मिशन समस्तीपुर स्थित प्रशिक्षण केंद्र में कार्यरत सभी मास्टर ट्रेनरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

यह प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी-सह- जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। सत्र के दौरान मुख्य मास्टर ट्रेनर सतीश कुमार यादव एवं तनवीर आलम ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने हेतु जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

विजय कुमार ने प्रशिक्षण व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मंगलेश कुमार, राकेश कुमार, श्यामनंदन, मनिंदर सिन्हा और विवेकानंद कमर्शियल जैसे प्रशिक्षक निष्ठा और दक्षता के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने मास्टर ट्रेनरों से आग्रह किया कि वे सभी प्रशिक्षुओं को चुनावी प्रक्रिया की बारीकियों और व्यावहारिक जानकारी से पूर्ण रूप से अवगत कराएं, ताकि मतदान के दिन कोई त्रुटि न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्तीपुर जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि आगामी चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, और इसके लिए सभी प्रशिक्षकों की भूमिका अहम होगी।

