नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (अशोक “अश्क”) अगर आप ट्रेन यात्रा के दौरान पैंट्री कार से खाना मंगवाते हैं, तो यह खबर आपको चौंका सकती है। अमृत भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 16601) में एक बेहद घिनौना मामला सामने आया है, जहां डस्टबिन से निकाली गई जूठी डिस्पोजल प्लेटों को धोकर दोबारा इस्तेमाल किया जा रहा था।

इस पूरे मामले का खुलासा सतना निवासी यात्री रवि द्विवेदी ने किया है। रवि, जो शहडोल में कार्यरत हैं, कटनी से सतना की यात्रा के दौरान पैंट्री कार के पास खड़े थे, क्योंकि उनके पास रिजर्वेशन नहीं था। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक कर्मचारी डस्टबिन से गंदे खाने के डिब्बे और प्लेटें निकालकर वॉशबेसिन में धो रहा था। जब रवि ने सवाल किया तो कर्मचारी ने चौंकाने वाला जवाब दिया, “ये डिस्पोजल आधे दाम में वापस हो जाते हैं, इसलिए इन्हें धोकर दोबारा इस्तेमाल करते हैं।”
रवि ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिससे कर्मचारी नाराज हो गया और धमकियां देने लगा। रवि ने वीडियो अपने मित्र पंकज शुक्ला को भेजा, जिन्होंने इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रेल मंत्रालय को टैग कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही रेल मंत्रालय ने संज्ञान लिया और तुरंत वेंडर को सेवा से हटा दिया। मंत्रालय ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर बयान जारी कर कहा, “मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। संबंधित वेंडर की पहचान कर उसे हटाया गया है और लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही भारी जुर्माना भी लगाया गया है।”
वहीं, रवि ने बताया कि इस वीडियो के वायरल होने के बाद पैंट्री कार ठेकेदार की ओर से उन्हें कॉल कर शिकायत वापस लेने के बदले ₹25,000 की रिश्वत की पेशकश की गई, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया।
यह मामला रेलवे की खानपान व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि भविष्य में रेलवे ऐसे मामलों को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

