पटना, 19 अक्टूबर (पटना डेस्क) नालंदा के पावन धरती पर पावापुरी महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के 2551वें निर्वाण दिवस के अवसर पर किया गया।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान महावीर का मोक्ष दिवस कार्तिक कृष्ण अमावस्या को पावापुरी में हुआ था, जिसे जैन समाज दीपावली के रूप में मनाता है। उन्होंने बताया कि भगवान महावीर का जन्म 599 ईसा पूर्व वैशाली गणराज्य के कुण्डग्राम में हुआ था, जो आज के नालंदा जिले के सिलाव प्रखंड में स्थित है।
इस अवसर पर डीएम ने महावीर स्वामी के उपदेश “जिओ और जीने दो” को आत्मसात करने की अपील की और कहा कि यही मानव जाति के कल्याण का मार्ग है।
महोत्सव के दौरान जल मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने इस मंच से आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जागरूकता फैलाते हुए कहा “मतदान लोकतंत्र का महापर्व है। 6 नवंबर को सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।”
इस अवसर पर नगर आयुक्त दीपक मिश्रा, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता समेत श्वेतांबर और दिगंबर जैन समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

