नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (अशोक “अश्क”) मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से बिहार जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। नासिक रोड रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर तीन यात्री चलती ट्रेन से गिर गए, जिसमें दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

हादसा भुसावल रूट की पटरी पर किलोमीटर 190/1 और 190/3 के बीच हुआ। नासिक रोड पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। मृतकों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन तीनों यात्रियों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। घायल यात्री को गंभीर हालत में जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भीड़भाड़ हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। दीपावली के त्योहारी सीजन और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मतदान के चलते ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जा रही है। पुलिस और रेलवे प्रशासन यह जांच कर रहा है कि यात्री त्योहार मनाने जा रहे थे या बिहार में मतदान करने के लिए सफर कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि तीनों यात्री जनरल डिब्बे में सफर कर रहे थे और हादसे के बाद उनका सामान बरामद कर लिया गया है, जिससे पहचान की कोशिश की जा रही है।
ओढ़ा रेलवे स्टेशन के प्रबंधक आकाश ने हादसे की सूचना तत्काल पुलिस को दी, जिसके बाद वरिष्ठ निरीक्षक जितेंद्र सपकाले, उपनिरीक्षक माली और कांस्टेबल भोले घटनास्थल पर पहुंचे और पंचनामा तैयार किया।
प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि भीड़ में धक्का लगने या संतुलन बिगड़ने से यात्री ट्रेन से गिर पड़े।
रेल प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहार और चुनाव के दौरान सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें और अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ से बचें।

