पटना, 19 अक्तूबर (पटना डेस्क) अखिल भारतीय बारी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता त्रिलोकी प्रसाद को चार दशकों की निष्पक्ष और विवाद रहित पत्रकारिता के लिए “पत्रकारिता शिखर सम्मान” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा प्रदान किया गया।

सम्मान समारोह में आकाशवाणी और दूरदर्शन वाराणसी के निदेशक राजेश कुमार गौतम, कवि डॉ. अंजन कुमार श्रीवास्तव “चकाचौंध ज्ञानपुरी”, प्रसिद्ध गणितज्ञ प्रो. आनंद जी, लेखिका और महिला शायर प्रो. इशरत जहां, और शायर हाफिज अहमद आजमी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
इस अवसर पर बक्सर जिला श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के सचिव अरुण विक्रांत, पत्रकार शशि प्रकाश, वैज्ञानिक डा. अरुण कुमार, अभियंता बीरेंद्र कुमार बारी, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येंद्र कुमार उर्फ बीनू, और संघ परिवार से मनवोध रावत ने उन्हें बधाई दी और उनके दीर्घायु, स्वस्थ जीवन की कामना की।
उल्लेखनीय है कि त्रिलोकी प्रसाद को इससे पहले “मीडिया प्रमोटर योद्धा सम्मान” से भी सम्मानित किया जा चुका है।

