बक्सर, 19 सितंबर (विक्रांत) बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर बक्सर में निर्वाचन से जुड़ी गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज एम.पी. हाई स्कूल, बक्सर में आयोजित माइक्रो ऑब्ज़र्वर प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह ने किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण में भाग ले रहे माइक्रो ऑब्ज़र्वरों से सीधे संवाद किया और प्रशिक्षण प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को निर्वाचन के दौरान निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश देते हुए कहा कि माइक्रो ऑब्ज़र्वर चुनाव प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं।

डॉ. सिंह ने कहा कि माइक्रो ऑब्ज़र्वरों की सतर्कता से मतदान केंद्रों पर सुचिता बनी रहती है, जिससे स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित होता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान दिवस के दौरान यदि कोई संवेदनशील स्थिति उत्पन्न हो, तो उसकी त्वरित सूचना निर्वाचन पर्यवेक्षक एवं नियंत्रण कक्ष को दी जाए।

प्रशिक्षण शिविर का संचालन नोडल पदाधिकारी (प्रशिक्षण प्रकोष्ठ) एवं मास्टर ट्रेनर्स द्वारा किया गया। इस दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट के संचालन, आचार संहिता के अनुपालन, रिपोर्टिंग प्रक्रिया, मतदान केंद्र की निगरानी आदि विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रशिक्षुओं से निर्वाचन को राष्ट्रीय दायित्व मानकर कार्य करने की अपील की।

