पटना, 21 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नालंदा जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने जानकारी दी कि आदर्श आचार संहिता लागू होने से लेकर अब तक जिले में 863 लोगों की गिरफ्तारी की गई है।

इनमें बड़ी संख्या में अवैध शराब से जुड़ी गिरफ्तारियां हैं। अब तक कुल 1052.45 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसमें 929.55 लीटर देसी शराब और 122.9 लीटर विदेशी शराब शामिल है।
इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 20 देशी कट्टे, एक पिस्टल, दो मैगजीन और 134 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आचार संहिता उल्लंघन को लेकर अब तक दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। वहीं मिनी गन फैक्ट्री के दो मामलों का भी उद्भेदन हुआ है।
उन्होंने कहा कि नालंदा पुलिस की सख्त निगरानी आगे भी जारी रहेगी। सभी थानाध्यक्षों को क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान तेज रखने का निर्देश दिया गया है।

