पटना, 29 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार के मुजफ्फरपुर में महागठबंधन की चुनावी रैली में राजद नेता और सीएम फेस तेजस्वी यादव ने बड़ा वादा किया है। उन्होंने कहा कि यदि महागठबंधन की सरकार बनती है, तो हर परिवार को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर मिलेगा। रैली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी मंच पर मौजूद रहे।

तेजस्वी यादव ने कई चुनावी वादे किए। उन्होंने कहा कि हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी, सभी जीविका दीदियों को स्थायी किया जाएगा और उनका मानदेय 30,000 रुपए होगा। संविदा कर्मियों और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी स्थायी किया जाएगा। इसके अलावा, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, सरकार बनते ही भ्रष्टाचार और अपराध पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा।
नीतीश कुमार और मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार में 20 साल और केंद्र में 11 साल सत्ता में रहने के बावजूद लोगों को रोजगार, कारखाने, अस्पताल या अच्छे विश्वविद्यालय नहीं मिले। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बेरोजगारी, महंगाई, गरीबी और अपराध को खत्म कर बिहार को नंबर-1 बनाना चाहती है।
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार को बीजेपी के रिमोट कंट्रोल द्वारा चलाया जा रहा है। उन्होंने बिहारियों से अपील की कि वे बाहरी नियंत्रण वाली सरकार को उखाड़ फेंकें, जो केवल गुजरात में कारखाने लगाने की परवाह करती है।
बिहार में 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण के लिए वोटिंग 6 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को होगी। वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी।

