समस्तीपुर, 29 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) मोरवा विधानसभा क्षेत्र संख्या-135 के निर्दलीय उम्मीदवार अभय सिंह ने आज पटोरी में अपने चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अभय सिंह ने स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पढ़ाई इसी क्षेत्र से पूरी की है और अब मोरवा विधानसभा के लोगों के लिए कुछ करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “अगर मोरवा की जनता मुझ पर विश्वास करती है तो मैं किसी भी सरकारी काम में रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई करूंगा।”

पत्रकारों ने उनसे पूछा कि यदि वे विजयी होते हैं और किसी पार्टी का समर्थन करना पड़े तो वे किसे समर्थन देंगे। इस पर अभय सिंह ने कहा, “जिसकी सरकार बनेगी, मैं उसका ही समर्थन करूंगा।”
इस दौरान सैकड़ों की संख्या में मोरवा विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय कार्यकर्ता और प्रमुख लोग उपस्थित थे। अभय सिंह ने जनता से सहयोग और विश्वास की अपील की और कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य क्षेत्र के विकास और सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। उद्घाटन कार्यक्रम में लोगों ने अभय सिंह के संकल्प और ईमानदारी को सराहा।

