पटना, 30 अक्तूबर (पटना डेस्क) नालंदा के नूरसराय स्थित चंडासी स्टेडियम में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य की नीतीश-मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। मंच पर युवाओं से संवाद की शुरुआत करते हुए उन्होंने जोश के साथ पूछा, “युवाओं, क्या हाल है?”

राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के लोगों की मेहनत देश के विकास में दिखती है, लेकिन वही ऊर्जा राज्य के भीतर क्यों नहीं दिखाई देती। उन्होंने नालंदा को शिक्षा की राजधानी बताते हुए कहा कि आज के विश्वविद्यालय और कॉलेज भ्रष्टाचार और पेपर लीक की चर्चा के लिए जाने जाते हैं। “लाखों माता-पिता अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए कमाई का हर रुपया खर्च करते हैं, लेकिन उनकी मेहनत पेपर लीक माफिया की भेंट चढ़ जाती है।”
शिक्षा, स्वास्थ्य और अस्पताल सेवाओं पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि बिहार के लोग इलाज के लिए दिल्ली के अस्पतालों में जाते हैं, जबकि राज्य के अस्पताल जीवन देने में विफल हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि नीतीश कुमार की सरकार का रिमोट कंट्रोल दिल्ली और नागपुर से चलता है।
राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर उद्योगपतियों को फायदा पहुँचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि “अडानी-अंबानी का भारत बन गया है, गरीबों को कुछ नहीं मिलता।” विदेश नीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मोदी का 50 बार अपमान किया, लेकिन प्रधानमंत्री में हिम्मत नहीं थी जवाब देने की।
सभा में राहुल गांधी ने महागठबंधन के प्रत्याशियों को भारी मतों से जीताने की अपील की और जनता से सक्रिय भागीदारी की माँग की।

